असल न्यूज़: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस से मुठभेड़ के बाद नमस्ते गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य लोगों को लूटने से पहले हाथ जोड़कर उनसे नमस्ते करते हैं।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार तड़के शहादरा जिला पुलिस की स्पेशल सेल और गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ विवेकानंद कॉलेज के पास हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद से विवेक विहार पुलिस थाने की ओर आ रहे दोनों युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों ने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चला दी, जो गिरोह के एक सदस्य को लग गई।
आरोपी तीन दिन पहले हुए लूट के दो मामलों में वांछित थे। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।