वैष्णो देवी के दरबार में भगदड़ के बाद 12 लोगों की मौत का मामला शांत नहीं हुआ कि नए साल पर एक और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। हरियाणा के भिवानी में भूस्खलन हो गया। वहां से गुजर रहीं कई गाड़ियां पहाड़ के मलबे के नीचे दब गईं। एक शव बरामद कर लिया गया है। जबकि अन्य को निकालने के प्रयास जारी है। हादसा नए साल पर हुआ। पहाड़ी रास्ते से कई गाड़ियां गुजर रही थीं। तभी अचानक पहाड़ भरभराकर टूट पड़ा। लगभग दस से 15 गाड़ियां के ऊपर यह मलबा आ गिरा और सारी गाड़ियां दब गईं।
अचानक गिरा पहाड़, मचा हड़कंप
मलबा गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। एक शख्स का शव थोड़ी देर में बाहर निकाला गया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि 15 से 20 लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
तीन अस्पताल में भर्ती
वहीं घटनास्थल पर पहुंचे हरियाणा के मंत्री जे.पी. दलाल ने कहा कि कुछ लोगों की जान गई है, अब तक तीन लोग अस्पताल गए हैं। 3-4 लोग और दबे हो सकते हैं। प्रशासन को आदेश दिया गया है कि दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश करें। फिलहाल राहत कार्य चल रहा है।