तापमान में आई गिरावट के बाद भी मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब भी हर सप्ताह 250 से अधिक नए डेंगू के मरीजों की पुष्टि हो रही है। बीते एक सप्ताह में भी डेंगू के 272 नए मरीजों के साथ इस वर्ष कुल मरीजों का आंकड़ा 3600 से करीब यानी 3695 तक जा पहुंचा है। वहीं, मलेरिया के भी बीते सप्ताह छह नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे इस वर्ष मलेरिया के मरीजों की संख्या भी 236 तक पहुंच गई है।
राहत की बात है कि चिकनगुनिया का कोई नया मरीज बीते एक सप्ताह में दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन इस वर्ष चिकनगुनिया के 44 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली नगर निगम द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते एक सप्ताह में डेंगू के 272 नए मरीजों में से 167 मरीज एमसीडी क्षेत्र से हैं।
किस इलाके में कितने मरीज?
छह मरीज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), चार मरीज दिल्ली कैंट, रेलवे इलाके से दो मरीज है। जबकि 93 मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है। मलेरिया के छह नए मरीजों में से दो मरीज एमसीडी क्षेत्र से हैं और चार मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है। निगम की रिपोर्ट में अभी किसी भी डेंगू के मरीज की मौत की पुष्टि नहीं की गई है। जबकि एक दिल्ली पुलिस के एसएचओ समेत पांच से छह लोगों की मौत की बात सामने आ चुकी है।
दिल्ली नगर निगम के अनुसार सर्वाधिक मरीज जो सामने आ रहे हैं उनके घर में ही मच्छर पनपने की बात सामने आ रही है। इंडोर प्लांट के पानी में मच्छर पनप रहा है। इसकी वजह से वह लोग मच्छरजनित बीमारियों की चपेट में आ रहे है। इसके चलते निगम घरों में लार्वा की जांच तेज कर रहा है।