मुर्गा गायब करने के आरोप पर देर शाम लालसराय स्थित मछली मंडी में दो पक्ष भिड़ गए। जमकर लाठी डंडे चले, जिससे सड़क पर भीड़ लग गई। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया।
मछली मंडी में शाम को भीड़ हो जाती है। मंडी में मछली के अलावा मुर्गा मीट की भी दुकानें हैं। शाम को दो व्यापारी आपस में भिड़ गए और अचानक मारपीट होने लगी। मारपीट में कुछ लोगों को चोटें भी आईं। जिससे अफरातफरी मच गई। कोतवाली पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए बैठाया है। कुछ लोग समझौता कराने के प्रयास में भी जुटे रहे।
आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा
फर्रुखाबाद: कंपिल क्षेत्र के गांव गूजरपुर निवासी साधू का विवाद मवेशी बांधने को लेकर भाई रमेश से सोमवार दोपहर हो गया। दोनों में मारपीट हो गयी। कुछ समय बाद दोनों पक्षों से दर्जन भर से अधिक लोग एकत्र हो गए। जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी कायमगंज भेज दिया गया। दोनों पक्षों ने थाने पहुंच तहरीर दी। तहरीर के आधार पर दोनों पक्षो से अशोक, राजू, रमेश, सोनू, धर्मेंद्र, भूरे, साधू व विनोद के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला को घायल किया
फर्रुखाबाद: नवाबगंज क्षेत्र के गांव ठिउरिया निवासी मुन्नी देवी पत्नी नंद किशोर सोमवार दोपहर अपने घर में बच्चों के साथ बैठी बातचीत कर रही थी। गांव का युवक साथियों के साथ आकर मुन्नी देवी से रंजिश को लेकर गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर युवक व उसके साथियों ने मुन्नी देवी को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। घायल मुन्नी देवी के पति नंद किशोर ने युवक व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी।
ग्रामीण क्षेत्र में भी व्यापार मंडल का गठन
फर्रुखाबाद: कायमगंज में व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन गुप्ता व रामप्रकाश यादव की सहमति से जिलाध्यक्ष मनोज कौशल ने गांव सिवारा का कैलाश चंद्र सोनी को अध्यक्ष, प्रशांत गुप्ता उर्फ लालू को महामंत्री व हरिओम वर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। युवा जिलाध्यक्ष सुबोध उर्फ मंशाराम गुप्ता ने अंशुल गुप्ता को युवा अध्यक्ष, सूरज शर्मा को महामंत्री व विशाल गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया।
छेड़छाड़ व मारपीट में मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद: जहानगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने मूसाखिरिया निवासी उपेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर पर अकेली थी। तभी आरोपित घर में घुस आया और दबोच लिया। विरोध करने पर गाली गलौज कर लात घूंसों से मारपीट करने लगा। शोर सुनकर जेठ मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।