गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित गांव गदाना में शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की गई छह साल की मासूम बच्ची की हत्या गांव के ही 13 साल के किशोर ने की थी। उसे गिरफ्तार कर रविवार को पुलिस ने वारदात का खुलासा हो जाने का दावा किया। हालांकि शायद को इस पूरे मामले में कामयाबी न मिलती अगर आरोपी किशोर के क्लास के साथी कुछ अहम तथ्य सामने न लाते। वहीं आरोपी की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी काफी हद तक उसके इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लगती है। पढ़ें वो कौन सी बातें थीं जिनके चलते आरोपी गिरफ्तार हुआ और उसके परिवार का क्या हाल है….
छात्रों की गवाही से खुली पोल
किशोर ने पुलिस से कहा कि वह सुबह ही स्कूल आ गया था, उसने हत्या नहीं की है। इस पर पुलिस ने कक्षा के अन्य छात्रों से पूछा कि वह स्कूल किस समय आया था? उन्होंने बताया कि वह लगभग 12 बजे आया था और चुपचाप पीछे आकर बैठ गया था। इस पर पुलिस को यकीन हो गया कि हत्या उसने ही की है। हालांकि, वह जुर्म कुबूल नहीं कर रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कुबूल किया और पूरा घटनाक्रम बताया।
पिता ने नशे में फूंक दिया था घर
आरोपी किशोर बेहद गरीब परिवार का है। पिता मजदूरी करता है और नशे का आदी है। उसने ढाई महीने पहले नशे में अपने घर में आग लगा दी थी। इस पर उसकी पत्नी ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस को उसके पास से नशे का सामान मिला था। इस पर उसे एनडीपीएस एक्ट में जेल भेजा गया था। तब से वह जेल में ही है।
दोस्तों संग करता था ये हरकतें
पुलिस ने पूछा कि उसने बच्ची से दुष्कर्म करने की क्यों सोची? पुलिस का कहना है कि उसने बताया कि उसे अकेला देखकर उसके मन में गलत ख्याल आ गया। वह दोस्तों के साथ मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो देखता था। वीडियो से ही उसके मन में इस तरह की बातें आती थीं।
पुलिस का कहना है कि छठी कक्षा में पढ़ने वाले किशोर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। बच्ची के विरोध करने पर ईंट उठाकर उसके सिर में दे मारी। वह लहूलुहान होकर भागने लगी तो उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी मौत हो जाने तक ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार किए और फिर भाग निकला।