अजय शर्मा: दिल्ली पुलिस के 79वें रेज़िंग वीक के अवसर पर द्वारका स्थित मुडेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान फुटबॉल और वॉलीबॉल मुकाबलों में तीन जिलों से आए करीब 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा। विभिन्न जिलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर वेस्टर्न रेंज के जॉइंट कमिश्नर जतिन नरवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ द्वारका, वेस्ट डिस्ट्रिक्ट और आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों के माध्यम से पुलिसकर्मियों के बीच एकजुटता और फिटनेस को बढ़ावा देने की सराहना की।
रेज़िंग वीक के तहत आयोजित इस खेल समारोह को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम की सराहना की।
दिल्ली पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच सकारात्मक संबंधों को भी मजबूत करता है।

