असल न्यूज़: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दिल्ली पुलिस की एक हेड कॉन्स्टेबल से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायत पर केस दर्ज
पीड़िता स्वाति सिंह की शिकायत पर कल्याणपुरी पुलिस स्टेशन में झपटमारी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
ड्यूटी से लौटते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, स्वाति सिंह अपने परिवार के साथ विनोद नगर में रहती हैं। वह दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग मध्य जिले में है।
शनिवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह सिविल ड्रेस में ऑटो से विनोद नगर पहुंचीं। जैसे ही वह ऑटो से उतरीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में गश्त भी बढ़ाई गई है।

