असल न्यूज़: देश की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खाने की गुणवत्ता को लेकर विवादों में घिर गई है। वाराणसी से देवघर जा रही एक महिला यात्री ने आरोप लगाया है कि ट्रेन में परोसा गया खाना खाने के बाद उन्हें गंभीर एलर्जी हो गई, जबकि उनके दो साल के बेटे की भी तबीयत बिगड़ गई।
महिला के मुताबिक, वह 27 मार्च को ट्रेन नंबर 22500 से वाराणसी से देवघर की यात्रा कर रही थीं और कोच E1 में सफर कर रही थीं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने ट्रेन में दिया गया लंच खाया, कुछ ही देर में उनके होंठ सूज गए और शरीर में एलर्जी के लक्षण दिखने लगे।
सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट शेयर कीं, जिनमें उनके सूजे हुए होंठ साफ नजर आ रहे हैं। डॉक्टर की पर्ची में एलर्जी के इलाज का जिक्र भी किया गया है। महिला का कहना है कि अगर समय पर इलाज नहीं मिलता, तो उनकी हालत और गंभीर हो सकती थी।
बच्चे की भी बिगड़ी तबीयत
महिला ने यह भी बताया कि उनके साथ यात्रा कर रहा उनका दो साल का बेटा भी इस खाने से प्रभावित हुआ। सफर के दौरान ही बच्चे को दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे उसे काफी परेशानी हुई। बाद में 24 घंटे के भीतर अस्पताल में इलाज कराने के बाद दोनों की हालत में सुधार हुआ।
पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल
महिला ने ट्रेन में परोसे गए पीने के पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और कहा कि उसका स्वाद असामान्य था। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे में मिलने वाले खाने की साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
IRCTC की सफाई
मामले पर IRCTC ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित दिन परोसे गए खाने की जांच की गई थी और वह संतोषजनक पाया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि उसी दिन किसी अन्य यात्री से खाने को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली।
हालांकि, महिला इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि भले ही अन्य यात्रियों को दिक्कत न हुई हो, लेकिन वह और उनका बच्चा इस भोजन से प्रभावित हुए हैं।
IRCTC ने बाद में महिला से डायरेक्ट मैसेज के जरिए पूरी जानकारी मांगी है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
लगातार उठ रहे सवाल
पिछले कुछ महीनों में ट्रेनों में परोसे जाने वाले खाने को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं, जिससे रेलवे की फूड क्वालिटी और यात्री सुरक्षा पर सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं।

