असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के कांति नगर इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10 साल के मासूम बच्चे की चुन्नी गले में फंसने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है।
घर पर अकेला था बच्चा
मृतक बच्चे की पहचान अरहान के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की है। उस समय उसकी मां अस्पताल में अपनी बेटी के पास गई हुई थी, जबकि दादी एक शादी समारोह में गई थीं। बच्चा घर पर अकेला था।
खेलते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि अरहान खेलते समय चुन्नी के संपर्क में आया, जो उसके गले में फंस गई। जब परिजन घर लौटे तो वह अचेत अवस्था में मिला।
चौथी मंजिल पर रहता था परिवार
अरहान अपने परिवार के साथ मकान की चौथी मंजिल पर रहता था। घटना से करीब एक घंटे पहले उसने अपनी ताई से चाय बनवाकर पी थी। इसके बाद वह कमरे में अकेला था।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामले को हादसा माना जा रहा है। बच्चे के पिता शाहिद हुसैन मजदूरी करते हैं।

