असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक महिला पुलिस अधिकारी पर 78 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार के साथ बदसलूकी और थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने महिला उप-निरीक्षक और उनके पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रविवार 5 अप्रैल को रोहिणी सेक्टर-7 में हुई। बताया जा रहा है कि महिला अपनी कार दुकानदार की दुकान के सामने खड़ी कर डॉक्टर के पास जांच कराने गई थीं। महिला ने खुद को गर्भवती बताते हुए दुकानदार से कुछ समय के लिए गाड़ी खड़ी करने की अनुमति मांगी थी।
हालांकि, दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद के दौरान बिगड़ी स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान महिला का व्यवहार आक्रामक हो गया और उन्होंने कथित तौर पर बुजुर्ग दुकानदार को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि महिला ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और भीड़ को हटने के लिए कहा।
पीसीआर कॉल के बाद पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पीसीआर को सूचना दी। सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला अधिकारी को पास के थाने ले जाया गया।
महिला अधिकारी और पति के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने महिला उप-निरीक्षक और उनके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

