असल न्यूज़: दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में पुलिस ने एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, गुरु अर्जुन नगर इलाके में चल रहे इस फर्जी कॉल सेंटर से 2 संचालकों समेत कुल 12 आरोपियों को मौके से दबोचा गया। आरोपी “RD Services” के नाम पर लोगों को झांसा देकर फर्जी रोडसाइड असिस्टेंस पॉलिसी बेचते थे।
जांच में सामने आया है, कि कॉल सेंटर में काम करने वाले टेली-कॉलर देशभर के लोगों को फोन कर यह दावा करते थे कि उनकी पॉलिसी लेने पर वाहन खराब होने की स्थिति में तुरंत मदद मिलेगी। भरोसा जीतने के लिए आरोपी कैश ऑन डिलीवरी के जरिए ग्राहकों को प्लास्टिक पॉलिसी कार्ड भी भेजते थे।
इस फर्जीवाड़े, के तहत लोगों से ₹3000 से ₹4000 तक की रकम वसूली जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

