Thursday, April 9, 2026
Google search engine
Homecrime newsप्रेम जाल में फंसाकर ठगी: 2 अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार, 12 लोगों से...

प्रेम जाल में फंसाकर ठगी: 2 अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार, 12 लोगों से 50 लाख ठगे

असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां युवती बनकर सोशल मीडिया पर लोगों को फंसाने वाले दो अफ्रीकी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवाओं को प्रेम जाल में फंसाकर उनसे लाखों रुपये की ठगी करते थे।

पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेमाह और सोलोमन के रूप में हुई है। दोनों अफ्रीकी नागरिक घूमने के लिए भारत आए थे, लेकिन दक्षिणी दिल्ली में किराये का मकान लेकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए छह मोबाइल फोन और दो पासपोर्ट बरामद किए हैं।


50 लाख की ठगी, 12 लोग बने शिकार

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक करीब 12 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं और उनसे लगभग 50 लाख रुपये की ठगी कर चुके हैं। इतना ही नहीं, दोनों आरोपी वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे।


म्यूल बैंक खातों से खुला राज

जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर संदिग्ध ‘म्यूल’ बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान कई बैंक खाते साइबर ठगी से जुड़े पाए गए, जिसके बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।


टेक्निकल सर्विलांस से गिरफ्तारी

पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर दक्षिणी दिल्ली में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच में पीड़ितों के साथ हुई चैट, एयरपोर्ट से जुड़ी फर्जी तस्वीरें और बैंक खातों की जानकारी मिली है।


ऐसे करते थे ‘लव स्कैम’

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सोशल मीडिया पर खुद को महिला बताकर भारतीय युवकों से संपर्क करते थे। पहले दोस्ती करते और फिर भावनात्मक रिश्ता बनाकर भरोसा जीतते थे।

इसके बाद वे भारत आने का झांसा देते और एयरपोर्ट या इमिग्रेशन में फंसने की झूठी कहानी बनाकर पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे।


पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी तरह के आर्थिक लेन-देन से पहले पूरी जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments