असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में नकली मोबाइल फोन के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करोल बाग और आनंद पर्वत इलाके में छापेमारी कर 1600 से ज्यादा नकली मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि करोल बाग इलाके में स्क्रैप मोबाइल फोन को असेंबल कर नए ब्रांडेड फोन की तरह बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर देव नगर (करोल बाग) और आनंद पर्वत में चल रही अवैध यूनिट्स पर छापा मारा गया।
इस दौरान रूप किशोर खंडेलवाल और पप्पू गुप्ता नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कैसे चलता था नकली मोबाइल का खेल?
जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से कबाड़ मोबाइल और खराब मदरबोर्ड सस्ते दाम में खरीदते थे। इसके बाद करोल बाग मार्केट से पार्ट्स लाकर उन्हें SMD मशीन और हॉट गन की मदद से जोड़ते थे।
फोन तैयार होने के बाद उसमें फर्जी IMEI नंबर डाला जाता था, और उसे नए डिब्बों में पैक कर असली कंपनी के फोन जैसा बना दिया जाता था। इन नकली फोन्स को गफ्फार मार्केट समेत दिल्ली के कई बाजारों में बेचा जाता था, साथ ही मध्य प्रदेश और राजस्थान तक सप्लाई की जाती थी।
भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया, जिसमें शामिल हैं:
- 1658 तैयार मोबाइल फोन और 408 स्क्रैप फोन
- 1663 फर्जी IMEI चिप और 144 मदरबोर्ड
- 850 चार्जर, 254 बैटरी और 117 मोबाइल डिस्प्ले
- मोबाइल असेंबलिंग मशीनें और अन्य उपकरण
डेढ़ से दो साल से चल रहा था धंधा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले डेढ़ से दो साल से इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। सस्ते दाम पर मोबाइल बेचकर वे भारी मुनाफा कमा रहे थे।
फिलहाल पुलिस, ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही सप्लाई चेन का पूरा खुलासा होने की उम्मीद है।

