असल न्यूज़। हरियाणा के मातनहेल गांव की 17 वर्षीय महक सुहाग ने UPSC द्वारा घोषित NDA-2 परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में शानदार सफलता हासिल करते हुए महिला सूची में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ ही महक का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है, जिससे पूरे गांव और परिवार में खुशी का माहौल है।
महक, नितिन सुहाग की पुत्री हैं और उन्होंने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के, घर पर रहकर खुद की मेहनत और लगन से हासिल की है। लिखित परीक्षा के बाद उन्होंने सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (SSB) इंटरव्यू भी सफलतापूर्वक पास किया, जिसके बाद मेरिट लिस्ट में उनका नाम शीर्ष पर आया।

महक की इस उपलब्धि पर उनके दादा मास्टर वेद प्रकाश और दादी सुमित्रा ने गर्व जताते हुए कहा कि उनकी पोती ने पूरे क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। वहीं, मां सुमन ने कहा कि महक की सफलता यह साबित करती है कि अगर मेहनत और समर्पण हो, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
गांव के लोगों ने भी महक की इस कामयाबी पर खुशी जताई और उसे युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। महक की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

