असल न्यूज़। प्रेम नगर इलाके में रुपयों के विवाद में दो पड़ोसियों के झगड़े में बीच बचाव करने गए युवक की सिर पर ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में की है। पुलिस ने इस संबंध में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर दोनों पक्षों के 6 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सुनील की गैरइरादतन हत्या के आरोप में पुष्पा, सुमित्रा और आनंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
ईंट लगने से आई चोट
डीसीपी राजीव रंजन के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे प्रेम नगर थाने में झगड़े की एक कॉल मिली थी। पुलिस घटनास्थल ए-ब्लॉक, प्रेम नगर किराड़ी पहुंची। वहां पता चला कि झगड़े में ईंट लगने से सुनील कुमार और आनंद कुमार को चोट आई है। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा चुके थे। जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।