असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की ऑपरेशन सेल ने छापेमारी कर नाइजीरिया के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो बिना वैध वीजा और कानूनी दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिरासेले ओन्येका और मोसेस चिनोसो के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की भारत में मौजूदगी पूरी तरह अवैध थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि दोनों विदेशी नागरिकों की डिपोर्टेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO), आर.के. पुरम के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

