असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के जिलों में आज सोमवार को घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया। अधिक कोहरा होने की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम है, जिस वजह से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
घना कोहरा होने की वजह से आज रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ा है। कोहरे के कारण दिल्ली को आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी लेट चल रही हैं। वहीं, कोहरे की वजह से हाईवे पर वाहन भी रेंगते नजर आए। वाहन चालकों को हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर ही चलना पड़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं और घने कोहरे की चेतावनी दी।
दिल्ली की हवा में थोड़ा सुधार
राजधानी दिल्ली की हवा की गुणवत्ता की बात करें तो उसमें थोड़ा सुधार देखने को मिला है। हालांकि, एक्यूआई अभी भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। सीपीसीबी (CPCB) के अनुसार, आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 240 के पास दर्ज किया गया है, जो कि खराब श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह सात आनंद विहार में एक्यूआई 244 रिकॉर्ड किया गया। बवाना में 227, द्वारका में 243, आईजीआई एअरपोर्ट 134, आईटीओ दिल्ली में 194, जहांगीरपुरी में 281, मुंडका में 243, पंजाबी बाग में 218, रोहिणी में 225, वजीरपुर में 265 दर्ज किया गया है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आज सुबह एक्यूआई 259 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में 237 रिकॉर्ड किया गया है। उधर, हरियाणा के गुरुग्राम में AQI 239 दर्ज किया गया है।
आज कहां कितना रहा AQI (दिल्ली-NCR)
स्थान AQI स्थिति
आनंद विहार 244 खराब
बवाना 227 खराब
द्वारका 243 खराब
आईजीआई एअरपोर्ट 134 मध्यम
आईटीओ दिल्ली 194 खराब
जहांगीरपुरी 281 खराब
मुंडका 243 खराब
पंजाबी बाग 218 खराब
रोहिणी 225 खराब
वजीरपुर 265 खराब
गाजियाबाद 259 खराब
नोएडा 237 खराब
गुरुग्राम 239 खराब

