नई दिल्ली मासिक धर्म को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय के बाद देशभर में इस विषय पर चर्चा तेज हो गई है। इसी क्रम में पिछले दस वर्षों से माहवारी स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संस्था सच्ची सहेली ने दिल्ली में कनॉट प्लेस से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक एक भव्य ‘पैड यात्रा’ का आयोजन किया।
इस यात्रा का उद्देश्य माहवारी से जुड़ी सामाजिक चुप्पी, संकोच और वर्जनाओं को तोड़ना था। यात्रा के पश्चात एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘पीरियड फेस्ट’ आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 500 छात्र-छात्राओं, महिलाओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। यह आयोजन फेडरल बैंक के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा और एमसीडी स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समानता और गरिमा आधारित समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सच्ची सहेली की अध्यक्ष डॉ. सुरभि सिंह ने कहा कि माहवारी स्वास्थ्य पर सही जानकारी लड़कियों को आत्मविश्वास देती है और यह विषय केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

