असल न्यूज़: बाहरी-उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब कपड़ा कारोबारी करण राठौड़ पर अज्ञात बदमाशों ने देर रात फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि करण राठौड़ इस हमले में बाल-बाल बच गए।
कैसे हुई वारदात?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और कारोबारी को निशाना बनाकर करीब दो राउंड फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही Delhi Police की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। स्वरूप नगर थाना पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
धमकी का एंगल
परिवार के मुताबिक, करण राठौड़ को पिछले कुछ समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि वह किसी मामले में कोर्ट में गवाही देने वाले थे, जिसके चलते उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी सिलसिले में उन पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

