सुबह स्टाफ पहुंचा तो गार्ड रूम में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
अजय शर्मा: दिल्ली के रनहोला थाना क्षेत्र में स्थित चंचल पार्क, बक्करवाला के एक (MCD) प्राइमरी स्कूल में आग लगने से चौकीदार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह स्कूल स्टाफ परिसर में पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के गार्ड रूम में आग लगी हुई थी। आग बुझाए जाने के बाद अंदर से एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 58 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झज्जर/रोहतक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और कई वर्षों से स्कूल में चौकीदारी का काम कर रहे थे।
सुबह 8:20 बजे मिली थी कॉल
पुलिस और फायर विभाग के अनुसार सुबह करीब 8:20 बजे आग लगने की सूचना मिली। कॉल करने वाले ने मौके पर एक शव होने की भी जानकारी दी थी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक स्कूल परिसर के पंप रूम/गार्ड रूम में ही रहता था।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग देर रात लगी या सुबह के समय। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

