अजय शर्मा: उत्तर-पश्चिम दिल्ली में त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए Delhi Police के थाना सुभाष प्लेस की टीम ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत महज तीन घंटे के भीतर दो 4 वर्षीय लापता बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
मध्य रात्रि में मिली थी पीसीआर कॉल
दिनांक 24/25 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को पुलिस को शकरपुर गांव, दिल्ली से दो बच्चियों के लापता होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बच्चियों की माताओं—सुनीना पत्नी दिलीप और अनीता पत्नी मनीशंकर—ने बताया कि उनकी बेटियां घर से अचानक लापता हो गईं। परिवार द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
विशेष टीम का गठन
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर SHO निरीक्षक तेजपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल विकास खान, प्रवेश, हरेंद्र और महिला हेड कांस्टेबल रेनू कुमार शामिल थे। पूरी कार्रवाई ACP सुभाष प्लेस के मार्गदर्शन में की गई।
तकनीकी और जमीनी जांच
पुलिस ने बहुआयामी रणनीति अपनाते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संभावित संदिग्धों का सत्यापन किया और व्यापक स्तर पर जमीनी खुफिया जानकारी जुटाई। बच्चियों के फोटो और विवरण दिल्ली के सभी थानों में प्रसारित किए गए ताकि तलाश तेज हो सके।
निरंतर प्रयासों के बाद टीम ने मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच जारी
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चियां किस परिस्थिति में लापता हुईं।

