नीति सैन। बाहरी उत्तरी जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए नरेला के कुख्यात अपराधी सरताज को गिरफ्तार किया है, जो हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुका है और लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सरताज निवासी नरेला पॉकेट-11, सेक्टर A-6 के रूप में हुई है। उसके खिलाफ हत्या समेत लूट, डकैती, स्नैचिंग और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल को पुख्ता सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी इलाके में सक्रिय है। इसके बाद टीम ने तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हजरत निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन और GTB एन्क्लेव पुलिस स्टेशन में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा राजधानी दिल्ली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ लूट, स्नैचिंग और डकैती के केस दर्ज हैं।
फिलहाल एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

