नई दिल्ली। राजधानी के व्यस्त बाजार चांदनी चौक में दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये के गहने लूट लिए। वारदात दोपहर 1:34 बजे की बताई जा रही है, जब तीन बदमाश नथी लाल अशोक कुमार ज्वेलर्स की दुकान में घुसे और महज 14 सेकंड में घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
दुकान के मालिक अशोक कुमार चौरसिया के अनुसार, एक बदमाश ने पिस्टल से कर्मचारी के सिर पर वार किया, जबकि दूसरे ने उनके बेटे का मुंह दबोच लिया। तीसरा आरोपी डिस्प्ले काउंटर से 15–16 सोने की चेन समेत करीब 60 लाख रुपये के आभूषण समेटकर भाग निकला।
घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

