नई दिल्ली, उत्तर दिल्ली के वजीराबाद इलाके में रिश्तों के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शादी की जानकारी छिपाने से नाराज एक महिला ने अपने प्रेमी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का सफदरजंग अस्पताल में ऑपरेशन किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान रामपुर निवासी 22 वर्षीय विशारजीत के रूप में हुई है, जो झोलाछाप डॉक्टर के तौर पर काम करता था। वह पिछले दो साल से वजीराबाद की रहने वाली अमीना खातून के संपर्क में था। हाल ही में महिला को पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसने यह बात उससे छिपाई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
दूध में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि घटना वाली रात महिला ने उसे दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। करीब रात 2:30 बजे, जब वह अर्धचेतन अवस्था में था, तब महिला ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके गुप्तांगों पर गंभीर चोटें आईं।
खुद पहुंचा अस्पताल
हमले के बाद युवक किसी तरह हिंदू राव अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने सर्जरी कर उसकी जान बचाई। फिलहाल उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
मामला दर्ज, आरोपी फरार
पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 118(2) और 123 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला मूल रूप से किशनगंज की रहने वाली बताई जा रही है और वर्तमान में वजीराबाद में रह रही थी। घटना के बाद से वह फरार है।
पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

