असल न्यूज़: देश की राजधानी Delhi में लूटपाट का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति-पत्नी चलती बसों में बेहद चालाकी से लोगों को फंसाकर लूटपाट करते थे। महिला पहले यात्रियों पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाती थी और फिर उसका पति चाकू की नोक पर उनसे पैसे और सामान लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने इस शातिर दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पहले बस में चढ़ जाती थी और मौका देखकर किसी पुरुष यात्री के पास जाकर खड़ी हो जाती थी। जैसे ही बस में भीड़ बढ़ती, वह अचानक उस यात्री पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर जोर-जोर से चिल्लाने लगती थी। महिला की चीख-पुकार से बस में अफरा-तफरी मच जाती और यात्री घबरा जाते थे।
इसी दौरान उसका पति मौके पर पहुंचता और चाकू निकालकर कथित आरोपी को जान से मारने की धमकी देता। डर के माहौल का फायदा उठाकर वह यात्री से मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 की सुबह स्वरूप नगर निवासी रवि कुमार बस से खेड़ा खुर्द जा रहे थे। जब बस इलाके अलीपुर में ओम धर्म कांटा के पास पहुंची, तभी आरोपी महिला दीपाली (23) ने अचानक रवि पर गलत व्यवहार का आरोप लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान उसका पति दीपक (26) वहां पहुंच गया और चाकू निकालकर रवि को धमकाने लगा। आरोपियों ने रवि से उनका Oppo मोबाइल फोन, 7,600 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स लूट लिया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
नीरज पटेल के अनुसार, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस दंपति ने इसी तरीके से कितनी और वारदातों को अंजाम दिया है।

