अजय शर्मा: रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड में दर्ज एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक बहादुर (38) के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला है।
यह मामला एफआईआर नंबर 12/2026 दिनांक 7 मार्च 2026 को धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी पर अपनी लिव-इन पार्टनर और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या करने का आरोप है।
कमरे से आ रही थी तेज दुर्गंध
जानकारी के अनुसार, 6 मार्च 2026 को जाखोल पुलिस चौकी, रुद्रप्रयाग में योगेंद्र लाल नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि एक किराए के कमरे से कई दिनों से तेज दुर्गंध आ रही है और वहां रहने वाला व्यक्ति दीपक बहादुर भी कई दिनों से दिखाई नहीं दे रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद था। जब पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर जांच की तो कमरे से एक महिला और एक 9 साल की बच्ची के शव बरामद हुए। दोनों की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार पाया गया।
दिल्ली में ट्रेस हुई लोकेशन
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से आरोपी की लोकेशन आजादपुर मंडी, दिल्ली के आसपास ट्रेस हुई। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला स्पेशल स्टाफ से संपर्क किया।
इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें SI अजय कुमार, ASI मनोज कुमार, ASI सोमवीर, HC जोगेंद्र, HC नरसी राम, HC पंकज गुप्ता और HC सत्य नारायणेंद्र शामिल थे। टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।
ट्रेन में पहुंचाने की फिराक में था आरोपी
निगरानी के दौरान आरोपी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास देखा गया। रेलवे स्टेशन पर भीड़ होने के कारण तुरंत पहचान नहीं हो लेकिन टीम ने तलाश जारी रखी।
आखिरकार आरोपी को मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार होने की कोशिश करते समय गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात कमला नाम की महिला से फेसबुक के ज़रिए हुई थी। बाद में दोनों लिव-इन रिश्तों में रहने लगे और महिला की 9 साल की बेटी भी उनके साथ रहती थी।
आरोपी के अनुसार, उसे शक था कि महिला का किसी दूसरे व्यक्ति से भी संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तराखंड पुलिस को सौंपा गया है। अगर मामले की आगे की जांच जारी है।

