प्रदीप सिंह उज्जैन। राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में शुरुआती जानकारी के मुताबिक 3 से 4 लोगों को गोली लगी है, जबकि सूत्रों के अनुसार एक व्यक्ति की मौत होने की भी आशंका जताई जा रही है। अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इसी दौरान पास की दुकान पर खड़े एक युवक को भी गोली लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को शुरुआती सूचना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो यह मामला गैंगवार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। मौके पर जिले के एडिशनल डीसीपी समेत भारी पुलिस बल तैनात है और इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

