असल न्यूज़: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने अवैध विदेशी शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 कार्टन में रखी महंगी विदेशी शराब और शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही MG Hector कार भी जब्त की है। इस मामले में 20 मार्च 2026 को दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत केस दर्ज किया गया है।
वेस्ट पंजाबी बाग में बिछाया जाल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गुरुग्राम से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में अवैध तरीके से सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने पश्चिमी दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग इलाके में रोड नंबर 40 के पास 19 मार्च को जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध अपनी कार के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से 12 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई।
महंगी ब्रांड की शराब बरामद
बरामद शराब में ग्लेनफिडिच, शिवस रीगल और मंकी शोल्डर जैसी महंगी विदेशी व्हिस्की शामिल हैं। आरोपी इन ब्रांड्स को गुरुग्राम से खरीदकर दिल्ली में अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। पूछताछ के दौरान वह कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
पहले भी दर्ज है मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय नमन कोहली के रूप में हुई है, जो वेस्ट पंजाबी बाग का निवासी है। उसके खिलाफ पहले भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस ने बरामद शराब और कार को जब्त कर लिया है और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध शराब सप्लाई रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

