आईपीएस देवेश चन्द्र श्रीवास्तव बोले—निस्वार्थ सेवा में देवताओं का वास
नई दिल्ली।श्री देवोत्थान सेवा समिति (पंजी.) द्वारा विश्व की ऐतिहासिक “अस्थि कलश विसर्जन यात्रा”के 25 वें सिल्वर जुबली वर्ष में दिल्ली की टीम ने मेजबानी करते हुए पिछले 25 वर्षों से निरंतर सहयोग कर रही टीम के उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सैकड़ों महानुभावों को सम्मानित किया।

कश्मीरी गेट स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल कमिश्नर आईपीएस श्री देवेश चन्द्र श्रीवास्तव, श्रीलंका की अशोक वाटिका के वृक्ष के नीचे बैठकर श्रीराम कथा का श्रवण करने वाले कथा मर्मज्ञ राष्ट्रसंत श्री अजय भाई जी,श्री राजमाता झंडेवालान मंदिर गोरख पार्क के महंत श्री राज राजेश्वरानंद जी महाराज,मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर,जमना बाजार के महंत श्री वरुण शर्मा,श्री शिव नवग्रह धाम मंदिर, चांदनी चौक के महंत श्री शिवशंकर जी महाराज,भाजपा युवा नेता रोहित गुप्ता, समिति के अध्यक्ष अनिल नरेंद्र, संगठन मंत्री दीपक गुप्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
समिति के अध्यक्ष अनिल नरेंद्र ने बताया,कि पिछले 25 वर्षों से पितृपक्ष में निकाली जाने वाली अस्थि कलश विसर्जन यात्रा में करीब 400 लोगों का काफिला दिल्ली से हरिद्वार जाता है,जिस यात्रा का विधिवत सम्मान वृंदावन गार्डन, गाजियाबाद,मेरठ, मुजफ्फरनगर,रुडकी, हरिद्वार,भीमगौडा के संगठन करते हैं और पितृदेवो को पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए सैकड़ों की तादाद में मौजूद होते हैं, ऐसे में समिति ने निर्णय लिया,कि 25 वें सिल्वर जुबली वर्ष में यूपी, उत्तराखंड की टीम में रहे हमारे मेहमानों को दिल्ली बुलाकर सम्मानित किया जाए।

समिति के महामंत्री विजय शर्मा ने बताया,कि कार्यक्रम में कुल 92 लोगो को महादेव का स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्री देवेश चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा,कि पूरे भारतवर्ष से अनाम अस्थि कलशो को एकत्रित करना, फिर उन सभी को सम्मान पूर्वक हरिद्वार ले जाना और 100 किलो दूध की धारा के साथ वैदिक रीति से उन सभी का विसर्जन कर उन्हें निस्वार्थ भाव से मोक्ष कराना, वास्तव में अभूतपूर्व कार्य है,साथ ही पाकिस्तान से भी तीन बार में करीब 695 अस्थि कलशो को जो मां गंगा में विसर्जित होने का इंतजार कर रहे थे, उन्हें भी लेकर आना, बहुत बडा मिशन है।श्री देवेश जी ने कहा,कि इस पुण्य कार्य में समिति के अनिल नरेंद्र, विजय शर्मा सहित दिल्ली, उ
त्तर प्रदेश, उत्तराखंड की टीम के आए सभी लोगों को साधुवाद देता हूं,कि वे निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य में जुटे हैं। समिति पिछले 25 सालो में 1,69,818 अस्थि कलशो को पूरे भारतवर्ष और तीन बार पाकिस्तान से भी लाकर सभी हुतात्माओ को मोक्ष करवा चुकी है।कार्यक्रम उपरांत महादेव के प्रसाद के रुप में भोजन की भी व्यवस्था की गई।

