नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां झंडेवालान मंदिर के पास एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जबकि दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा करोल बाग के हनुमान मंदिर चौक के पास हुआ। देर रात करीब 1:10 बजे दमकल विभाग को बस पलटने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
दमकल विभाग के अधिकारी के अनुसार, बस जयपुर से दिल्ली आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल 23 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 12 घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) ले जाया गया, जहां दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा 10 घायलों को सर गंगा राम अस्पताल और एक को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में एक की पहचान शहबाज आलम (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर गांव के निवासी थे। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, जिसकी उम्र करीब 25-26 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

