असल न्यूज़: राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी को उसके पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड स्थित बंगले को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी को 28 मार्च तक इस परिसर को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही यूथ कांग्रेस के दफ्तर 5 रायसीना रोड को भी खाली करने का नोटिस दिया गया है।
दोनों दफ्तर खाली करने के निर्देश
जानकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने कांग्रेस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समयसीमा के भीतर दोनों परिसरों को खाली किया जाए। यह कार्रवाई तब सामने आई है जब पार्टी पहले ही अपने नए मुख्यालय इंदिरा भवन में शिफ्ट हो चुकी है।
48 साल पुराना है मुख्यालय
गौरतलब है कि पिछले करीब 48 वर्षों से 24 अकबर रोड कांग्रेस का मुख्यालय रहा है। हालांकि नए कार्यालय के उद्घाटन के बाद भी पुराने दफ्तर में पार्टी की गतिविधियां जारी थीं, जिसके चलते अब यह नोटिस जारी किया गया है।
कानूनी विकल्प पर विचार
नोटिस मिलने के बाद कांग्रेस ने इस मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार शुरू कर दिया है। पार्टी इस आदेश के खिलाफ राहत पाने के लिए आगे की रणनीति बना रही है।

