असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सुरेश के रूप में हुई है, जिस पर आरोप है कि उसने गैस सिलेंडर से पत्नी पूनम के सिर और रीढ़ की हड्डी पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह सनसनीखेज घटना रविवार, 29 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। घटना के समय दंपती की डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी मौके पर मौजूद थी, जिसने अपनी मां की हत्या का भयावह मंजर देखा।
अशोक विहार ट्रैफिक सर्किल द्वारा अवैध मछली गाड़ियों से चालान की जगह फोन कॉल पर सौदेबाजी.
DDA फ्लैट में रहते थे दंपती
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुरेश और पूनम पुल प्रहलादपुर स्थित DDA आवास में रहते थे और उन्हें यहां शिफ्ट हुए करीब एक महीना ही हुआ था। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था।
पड़ोसियों ने सुनी चीखें
एक पड़ोसी ने बताया कि रात के समय महिला की जोर-जोर से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। वह मदद के लिए चिल्ला रही थी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। मकान मालिक की मदद से दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर सभी दंग रह गए।
महिला का शव जमीन पर पड़ा था, और पास में गैस सिलेंडर रखा हुआ था। आरोपी सुरेश वहीं मौजूद था और उसकी गोद में उसकी मासूम बच्ची थी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुरेश को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
बच्ची पड़ोसियों के पास
घटना के बाद दंपती की डेढ़ साल की बच्ची फिलहाल पड़ोसियों के पास है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि उसे सुरक्षित उनके हवाले किया जा सके।

