असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दिल्ली नगर निगम (MCD) के शाहदरा नॉर्थ जोन में सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप में दो वरिष्ठ अधिकारियों को हिरासत में लिया है।
मामले में डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा और ऑडिट ऑफिसर (AO) दिव्यांशु गौतम पर एक लाइसेंसिंग इंस्पेक्टर से 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, लाइसेंसिंग इंस्पेक्टर मुकेश के खिलाफ एक जांच (इंक्वायरी) चल रही थी। आरोप है कि इसी जांच को प्रभावित करने के लिए दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की मांग की।
इस पर इंस्पेक्टर मुकेश ने सीबीआई के एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जांच शुरू की और देर रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित अधिकारियों को हिरासत में ले लिया।
फिलहाल सीबीआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस रिश्वत कांड में और भी लोग शामिल हैं।
अशोक विहार ट्रैफिक सर्किल द्वारा अवैध मछली गाड़ियों से चालान की जगह फोन कॉल पर सौदेबाजी.
इस घटना के बाद, दिल्ली नगर निगम की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि हाल ही में शाहदरा साउथ जोन में भी एक सहायक अभियंता (AE) को ठेकेदार से रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआई ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने MCD में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

