प्रदीप सिंह उज्जैन। दिल्ली पुलिस की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात सोनू दरियापुर गैंग के एक वांछित गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली के नरेला-अलीपुर रोड स्थित ‘जीत फार्म’ के पास की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन पुत्र सतीश कुमार, निवासी प्रहलादपुर बांगर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी 19 मार्च 2026 से फरार चल रहा था और उस पर सुल्तानपुरी इलाके में हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है।
🔍 ऑपरेशन कैसे हुआ?
AATS टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग का एक सक्रिय सदस्य इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें SI डिम्पी गुलिया, HC आशाराम और कांस्टेबल सचिन शामिल थे।
टीम ने सटीक रणनीति और निगरानी के बाद आरोपी की पहचान कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के पास (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) टीम ने एक अत्याधुनिक .32 बोर पिस्तौल, 32 बोर के 2 जिंदा कारतूस बरामद किए है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25 में केस दर्ज किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत दो मामलों में शामिल रहा है और वह लगातार अपराध गतिविधियों में सक्रिय था।
पुलिसिया पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुल्तानपुरी इलाके में ‘अरुण दिल्ली गैंग’ पर फायरिंग की थी। इस मामले में अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साथ ही आरोपी भविष्य में और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने तथा युवाओं को गैंग में शामिल करने की योजना बना रहा था।
दिल्ली पुलिस जिला उपायुक्त आउटर नॉर्थ, हरेश्वर स्वामी (IPS) ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस-आधारित रणनीति और सतर्कता का परिणाम है। इससे राजधानी में सक्रिय गैंग्स के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

