असल न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां 50 से अधिक बच्चों से भरी एक स्कूल बस करीब 15 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, यह बस सेंट मेरीज एकेडमी की थी, जो रोज की तरह बच्चों को लेने के लिए गांवों में गई थी। बस में चिंदौड़ी, लावड़ और मवीमीरा गांव के कक्षा 1 से 5 तक के करीब 50-55 बच्चे सवार थे।
मोबाइल देखने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बस जब काली नदी फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी चालक मोबाइल देखने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद बस सड़क से उतरकर कंडक्टर साइड की ओर करीब 15 फीट गहरी खाई में पलट गई और एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
राहगीरों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तेजी से रेस्क्यू शुरू किया और सभी बच्चों व चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है।

