अजय शर्मा: राजधानी दिल्ली के घोघा से दरियापुर (सोनीपत रोड) जाने वाले मार्ग पर पिछले करीब एक साल से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण इस रास्ते पर देर रात गुजरने वाले लोगों के साथ कई बार हादसे भी हो चुके हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है, कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार NDPL (एनडीपीएल) में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले यहां स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, जो शुरुआती कुछ दिनों तक ही चलीं, उसके बाद से लगातार बंद पड़ी हैं।
करीब 1 से 1.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पूरी लाइटिंग व्यवस्था ठप है, जिससे खासकर रात के समय लोगों को अंधेरे में सफर करना पड़ता है।
सोशल मीडिया के जरिए उठाई आवाज
घोघा गांव के जागरूक नागरिक “हरिओम भारद्वाज” ने इस समस्या को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की है, ताकि जल्द समाधान हो सके।
पार्षद ने बताई वजह
इस मुद्दे पर क्षेत्र के निगम पार्षद दिनेश भारद्वाज से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर बार-बार करीब 200 मीटर तक की केबल चोरी हो जाती है, जिसके कारण स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाती हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए दोबारा टेंडर जारी कर दिया गया है और जल्द ही लाइटों को ठीक करवा दिया जाएगा।
लोगों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए, ताकि हादसों से बचाव हो सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

