नीति सैन। अशोक विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां रोड रेज की घटना ने एक युवक की जान ले ली गई। शाम करीब 6:23 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि WPIA के बी-ब्लॉक स्थित फिश मार्केट इलाके में बने सुलभ शौचालय परिसर के अंदर एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां शौचालय के अंदर एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। घायल की पहचान संतोष कुमार (27) के रूप में हुई, जो पेशे से फैक्ट्री मजदूर था और मैक्ची मार्केट, WPIA में रहता था। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की शुरुआत सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार के साथ कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार और उसके साथी ने मिलकर संतोष कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घायल संतोष किसी तरह भागकर पास के सुलभ शौचालय में पहुंचा, जहां वह गिर पड़ा और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अशोक विहार थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी तनीश (19), निवासी CSA कॉलोनी, फिश मार्केट WPIA को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

