अजय शर्मा: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कुरैनी गांव स्थित बालाजी अपार्टमेंट के पास से गुजरने वाले मार्ग पर इन दिनों कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां सफाई नहीं होने के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि यहां से MCD के नरेला जोन का कार्यालय भी कुछ ही दूरी पर स्थित है, जहां उपायुक्त सहित सफाई विभाग के बड़े अधिकारी बैठते हैं। इसके बावजूद इलाके में फैली गंदगी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में रखा कूड़ेदान भी अपनी उपयोगिता खो चुका है। कूड़ेदान के अंदर लोगों द्वारा जानवरों का भूसा भर दिया गया है, जिसके चलते वह इस्तेमाल के लायक नहीं रहा। इसके चारों ओर झाड़-झंखाड़ उग आए हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
मजबूरी में लोगों को DDA मार्किट के सामने सड़क पर ही कूड़ा डालना पड़ रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को बदबू और गंदगी के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उनका जीवन दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में MCD द्वारा दर्जनों सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं, लेकिन विभाग के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से कर्मचारियों से कथित रूप से रिश्वत लेकर उन्हें बिना काम के छुट्टी दे दी जाती है। इसके चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में साफ-सफाई की व्यवस्था बहाल हो सके।

