असल न्यूज़: मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। इस घटना में कथित भाजपा नेता रोबिन मोरल की स्कॉर्पियो से पुलिस ने अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसकी गाड़ी को सीज कर लिया है।
शादी में की गई हर्ष फायरिंग
मामला मवाना थाना क्षेत्र के भिड़वारा गांव का है, जहां किसान राजेंद्र सिंह की दो बेटियों की शादी थी। सोमवार रात विदाई के दौरान रोबिन मोरल अपने साथियों के साथ समारोह में मौजूद था। इसी दौरान उसने और उसके साथियों ने कथित तौर पर करीब 15 राउंड हर्ष फायरिंग की, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया
स्कॉर्पियो से मिले हथियार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान गाड़ी से
- 32 बोर की एक पिस्टल
- तीन तमंचे
- सात जिंदा कारतूस
बरामद किए गए।
इसके अलावा गाड़ी से आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला है।
भाजपा झंडा और पोस्टर लगा था
बरामद स्कॉर्पियो हरियाणा के फरीदाबाद नंबर पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा था और पीछे शीशे पर रोबिन मोरल को गढ़मुक्तेश्वर से ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी बताते हुए पोस्टर भी चिपका हुआ था।
पुलिस पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि आरोपी हापुड़ से मवाना तक हथियारों के साथ पहुंचा, लेकिन रास्ते में किसी भी चेकिंग पॉइंट पर उसे नहीं रोका गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनभर हथियारों का प्रदर्शन होता रहा, फिर भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
पुलिस ने रोबिन मोरल और उसके साथियों के खिलाफ हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार रखने का केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी अविनाश पांडेय के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

