खेती की जमीन पर चल रहे पेपर गोदाम में लगी आग, अवैध निर्माण पर फिर उठे सवाल
प्रदीप उज्जैन: बाहरी उत्तरी जिले के खेड़ा कला गांव में शनिवार शाम एक अवैध गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह गोदाम खेती की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था, जहां पेपर का काम किया जा रहा था।
घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है, जब आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खेड़ा कला इलाके में खेती की जमीनों पर अवैध गोदामों का निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। इस पर न तो राजस्व विभाग कोई सख्त कार्रवाई कर रहा है और न ही दिल्ली पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है।
वहीं, लोगों का यह भी कहना है कि दिल्ली नगर निगम के कुछ अधिकारी कथित तौर पर अवैध निर्माण करने वाले गोदाम मालिकों से सांठगांठ कर रहे हैं, जिसके चलते इस तरह के गैरकानूनी निर्माण लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अलीपुर: बूढ़पुर बादशाही रोड पर DDA की बड़ी कार्रवाई, अवैध गोदाम निर्माण किया ध्वस्त

