Friday, June 5, 2026
Google search engine
Homecrime newsहोलंबी खुर्द में युवक की हत्या, सिर पर चोट के बाद अस्पताल...

होलंबी खुर्द में युवक की हत्या, सिर पर चोट के बाद अस्पताल में मृत घोषित, कई आरोपी नामजद

अजय शर्मा: दिल्ली के होलंबी खुर्द इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विकास (36) पुत्र रमेश चंद निवासी होलंबी खुर्द के रूप में हुई है, जो इलाके में नाई की दुकान चलाते थे।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को सूचना मिली कि विकास को सिर में गंभीर चोट लगी थी। उनके भाई नितिन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जिसमें विकास के सिर पर चोट का निशान पाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि विकास वासु विहार कॉलोनी, होलंबी खुर्द में अपनी नाई की दुकान चलाते थे। बताया गया कि रात करीब 11:10 बजे वह घायल अवस्था में घर पहुंचे थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मुख्य होलंबी खुर्द से न्यू बांस रोड जाने वाले मार्ग पर मकान नंबर 212 के सामने सड़क पर खून के धब्बे मिले। मौके से एक टूटा हुआ लकड़ी का डंडा, बाइक का टूटा साइड-व्यू मिरर और फुटरेस्ट भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से लेकर मृतक के घर तक कई स्थानों पर खून के निशान मिले हैं, जिससे किसी झगड़े या हिंसक वारदात की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। शिकायत में बबलू पुत्र नूर मोहम्मद, देव करण पुत्र लक्ष्मण और अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे तथा सभी एक ही गांव के निवासी हैं। जांच में अब तक किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक एंगल सामने नहीं आया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments