प्रदीप सिंह उज्जैन। दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में शालीमार बाग थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक इलेक्ट्रिक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर वजीराबाद इलाके में एक मोबाइल झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद वे दूसरी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मुखर्जी नगर की ओर पहुंचे थे। हालांकि, शालीमार बाग में मोबाइल झपटने की कोशिश के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की सक्रियता से उनकी योजना विफल हो गई।
मोबाइल झपटने की कोशिश के दौरान गिर गई बाइक
लगातार वारदातों को अंजाम देते हुए आरोपी शालीमार बाग के बीए ब्लॉक, डीडीए मार्केट के पास एक महिला के मोबाइल झपटमारी के प्रयास की PCR कॉल पुलिस को मिली थी।
शिकायतकर्ता सहला, निवासी सीए ब्लॉक, शालीमार बाग, अपने घर लौट रही थीं और मोबाइल फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान इलेक्ट्रिक बाइक पर सवार दो युवक पीछे से उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला का मोबाइल झपटने की कोशिश की।
इस दौरान हुई हाथापाई में बाइक असंतुलित होकर गिर गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने एक आरोपी को इलेक्ट्रिक बाइक समेत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
साथी की निशानदेही पर दूसरा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान आमिर नज़ीर, पुंछ, जम्मू-कश्मीर के रूप में की। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके फरार साथी के बारे में जानकारी मिली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी शिवम त्रिवेदी (21) को नहर के पास शीश महल पार्क के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। शिवम कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
वजीराबाद में झपटमारी के बाद दूसरी वारदात की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में आमिर नज़ीर ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी शिवम त्रिवेदी के साथ मिलकर वजीराबाद क्षेत्र में एक झपटमारी की वारदात की थी। इसके बाद दोनों दूसरी झपटमारी करने के इरादे से मुखर्जी नगर की ओर आए थे।
हालांकि, शालीमार बाग में मोबाइल झपटने की कोशिश के दौरान दोनों पुलिस की कार्रवाई की जद में आ गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों और संभावित साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान आमिर नज़ीर, नारोल, चतराल, पुंछ, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। वही दूसरा आरोपी शिवम त्रिवेदी, रायपुरवा, अनवरगंज, कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त 01 इलेक्ट्रिक बाइक नंबर 2829 बरामद की गई है.
मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर रामपाल, SHO थाना शालीमार बाग तथा ACP शालीमार बाग मुकेश वालिया के पर्यवेक्षण में कार्रवाई में जुटे है।

