असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली में मदद मांगने के बहाने लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। शाहबाद डेरी थाना पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-34 के पास एक व्यक्ति से सोने की चेन लूटने के आरोप में दो महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद की है। पुलिस की तत्परता से दोनों महिलाएं मौके से भागने में सफल नहीं हो सकीं।
सास को अस्पताल ले जाने का बहाना बनाकर रोकी कार
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी कार से ऑफिस जा रहा था। इसी दौरान बवाना से बरवाला गांव नहर रोड के पास रोहिणी सेक्टर-34 के नजदीक दो महिलाओं ने उसकी कार रुकवाई। महिलाओं ने कथित तौर पर बताया कि उनकी सास को अस्पताल ले जाना है और उन्होंने मदद मांगी।
महिलाओं की बात सुनकर जब कार सवार व्यक्ति उनकी मदद करने के लिए नीचे उतरा, तो आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उसकी सोने की चेन छीन ली। पीड़ित ने शोर मचाकर मदद मांगी।
पुलिसकर्मी की सतर्कता से मौके पर पकड़ी गईं दोनों महिलाएं
घटनास्थल के पास से गुजर रहे दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल संदीप ने पीड़ित की आवाज सुनकर तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपियों को फरार होने का मौका नहीं मिला।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सपना (30 वर्ष), पत्नी राहुल, और प्रियंका (35 वर्ष), पत्नी जितेंद्र, निवासी धर्मपुरा, नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना शाहबाद डेयरी में एफआईआर संख्या 655/26 दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों महिलाओ से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 ग्राम वजन की एक सोने की चेन बरामद की है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर सावधानी बरतना न भूलें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल संदीप की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से इस मामले में दोनों आरोपी महिलाओं को मौके पर पकड़ा जा सका।

