असल न्यूज़: दिल्ली में फर्जी राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं।सत्यापन के दाैरान पते पर संबंधित व्यक्तियों के न मिलने पर एक साल में 40 हजार से अधिक राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। निरस्त किए गए राशन कार्ड की जगह नए आवेदकों के राशन कार्ड बनाए गए हैं। दिल्ली सरकार का खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तीन माह से राशन नहीं लेने वाले राशन कार्ड धारकों की जांच कर रहा है। दिल्ली में अभी साढ़े 19 लाख राशन कार्ड हैं। जिन पर 71 लाख लाेगों के अनुसार राशन वितरित किया जाता है।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने कहा है कि जिन लोगों के राशन कार्ड बने हैं, वे अपना राशन जरूर लेते रहें, जिससे उन्हें असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि दिल्ली में राशन कार्ड का कोटा पूरा हो चुका है, जबकि बहुत से लोग राशन कार्ड बनवाने वालों की लाइन में हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर राशन कार्ड का कोटा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे।

