Saturday, April 19, 2025
Google search engine
HomeDelhi NCRबुराड़ी इलाके में अवैध पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग, चार लोग...

बुराड़ी इलाके में अवैध पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे; मालिक फरार

असल न्यूज़: उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रविवार शाम पटाखा बनाने की अवैध फैक्टरी में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में फैक्टरी में मौजूद चार लोग झुलस गए। बचाव कार्य के दौरान एक दमकल कर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल एक शख्स को लोक नायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान हिमांशु (22), आनंद (24), रवि प्रकाश (22) और विजय पांडेय (22) के रूप में हुई है। वहीं, घायल दमकल कर्मी की पहचान देवेंद्र संधु के रूप में हुई है। उनके हाथ में चोट लगी है। उन्हें मौके पर मौजूद कैट्स एंबुलेंस में मौजूद कर्मियों ने प्राथमिक उपचार दिया।

यह भी देखें:-

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना में हिमांशु सौ फीसदी झुलस गया है। इसके अलावा आनंद और रवि 25 फीसदी तथा विजय पांडेय 40 फीसदी झुलसा है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच कर रही है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार शाम करीब 4.24 बजे बुराड़ी के प्रधान एंक्लेव में एक पटाखे की फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों को पता चला कि आग करीब पांच सौ गज में बनी एक मंजिल फैक्टरी के भूतल पर लगी थी।

भूतल पर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि घायल चारों लोग घटना के समय फैक्टरी में मौजूद थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कैट्स एंबुलेंस की मदद से बुराड़ी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारी ने बताया हिमांशु की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे लोक नायक अस्पताल में भेजा गया है। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाए जाने के बाद पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किया है। उसके बाद पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है।

नहीं थी फायर एनओसी
छानबीन में पता चला है कि भूतल पर पटाखे बनाने की अवैध फैक्टरी चल रही थी। जबकि ऊपर की मंजिल पर लोग रहे रहे थे। आशंका है कि किसी चिंगारी के संपर्क में आने के बाद पटाखे में आग लग गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि दमकल विभाग के एनओसी के बिना फैक्टरी चल रही थी। फैक्टरी में आग से बचाव के कोई उपाय नहीं किए गए थे। घटना के बाद से फैक्टरी का मालिक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है।

पटाखों पर प्रतिबंध कागजों में
राजधानी दिल्ली में पटाखा बनाने और जलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। इसके बावजूद धड़ल्ले से फैक्ट्री में पटाखा तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी लगातार सख्त निर्देश दे रही है। लेकिन निर्देशों का पालन कागजों में ही दिखाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments