असल न्यूज़: वास्तु शास्त्र एक प्राचीन विद्या है, जिसे विज्ञान और कला का मिश्रण कहते हैं। इसमें भवन निर्माण से लेकर उसमें रहन सहन के नियमों का उल्लेख है। आमतौर पर किसी भी नई वस्तु की खरीदारी, घर की संरचना व चीजों की व्यवस्था करने से पहले इसके नियमों का पालन किया जाता है। इतना ही नहीं किसी व्यक्ति विशेष को उपहार देने से पहले भी वास्तु शास्त्र के नियमों का ध्यान रखा जाता है। दरअसल, किसी खास अवसर पर प्रियजनों को उपहार देने की परंपरा सदियों पुरानी है। इससे रिश्तों में प्रेम और विश्वास का संचार होता है, साथ ही उपहार के जरिए व्यक्ति अपनी भावनाएं भी व्यक्त करता है। लेकिन कई बार जाने अनजाने में कुछ ऐसी वस्तु को तोहफे में दे दिया जाता है, जिसका नकारात्मक प्रभाव सीधा रिश्तों पर पड़ता है। ऐसे में आइए उन चीजों के बारे में जान लेते हैं, जो किसी को उपहार में नहीं देनी चाहिए।
आमतौर पर काले रंग की चीजें काफी आकर्षित और सुंदर दिखती हैं। लेकिन इस रंग की वस्तुएं उपहार में देना उचित नहीं है। वास्तु के मुताबिक किसी भी मित्र को काले रंग के वस्त्र, घड़ी और जूते-चप्पल नहीं देने चाहिए। यह रिश्तों में दूरियां ला सकता है।
परफ्यूम, जिसकी खुशबू सभी को महका देती है। हर किसी को इसे लगाना और खरीदना पसंद होता है। लेकिन परफ्यूम किसी को भेंट नहीं करना चाहिए। यह आर्थिक तंगी का कारण बन सकता है।
वास्तु के अनुसार किसी को पर्स उपहार में नहीं देना चाहिए। इसका नकारात्मक प्रभाव आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।
मोती जितना देखने में सुंदर होता है उतना पहनने के बाद इसकी खूबसूरती झलकती है। परंतु इसे आंसुओं का प्रतीक माना जाता है, इसलिए आप मोती किसी को भेंट न करें।
वास्तु के अनुसार किसी भी व्यक्ति को उपहार में रुमाल नहीं देना चाहिए। इसे ज्योतिष शास्त्र में अशुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे रिश्तों में खटास आ सकती हैं।