नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक बार फिर जेल में बंद एक कैदी की दूसरे कैदी पर हमला कर घायल करने की घटना सामने आई है। मंडोली जेल में रंजिश में एक कैदी ने दूसरे कैदी पर तेजधार हथियार से हमला किया। शोर सुनकर जेल के वार्डर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल कैदी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल कैदी की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी चंद्रमोहन उर्फ भूरा (26) के रूप में हुई है।
पुरानी रंजिश के चलते हुई घटना
जेल प्रशासन ने मामले की सूचना हर्ष विहार थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल कैदी के बयान पर 25 जुलाई को केस दर्ज किया। जेल सूत्रों की मानें तो पुरानी रंजिश के चलते भूरा पर हमला हुआ हैं। फिलहाल पुलिस जेल में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, भूरा को ज्योति नगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। वह विचाराधीन है और मंडोली जेल नंबर 13 में बंद है।
क्या है मामला
जेल सूत्रों के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह चंद्रमोहन की कोर्ट में पेशी थी। वह अपने वार्ड के बाहर खड़ा था, तभी राजन उर्फ कतली ने चंद्रमोहन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। चंद्रमोहन का आरोप है कि उसे घायल करने के बाद राजन जेल के चक्कर की ओर दौड़ा और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। शोर सुनकर जेल के वार्डन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
जेल में लगे हैं इतने सीसीटीवी
जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन अधिक दर्द होने के कारण कैदी बयान नहीं दे पाया था, इसलिए 25 जुलाई को पुलिस ने कैदी के बयान पर केस दर्ज किया। जेल सूत्रों के अनुसार, तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेल में करीब आठ हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इतने सारे सीसीटीवी और सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर के बाद भी कैदी जेल के भीतर तेजधार हथियार बनाकर एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं।