असल न्यूज़: रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आरोपित ने मां-बेटी को चाकू से गोद दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची राजपार्क थाना पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल महिलाओं की पहचान 50 वर्षीय शबीना और उनकी बेटी 30 वर्षीय शबनम के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़िता के बयान पर राज पार्क थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी निवासी अभिषेक उर्फ मोंटी के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपित मजदूरी करता है। रुपये के लेन देन को लेकर हुए विवाद में आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक चार सितंबर की रात करीब 11:08 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सुल्तानपुरी में दो महिलाओं को चाकू मारा गया है। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों मां-बेटी है और सब्जी बेचने का काम करती है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर पांच सितंबर को आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।