असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली के दक्षिण पश्चिमी जिला पुलिस आपरेशन सेल ने सागरपुर इलाके बिना वीजा अवैध रूप से रह रहे दो अफ्रीकी नागरिकों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान कैमरून निवासी टाटा बिली मंजोंग और नाइजीरिया निवासी केस्टर के रूप में हुई है।
दोनों के वीजा की अवधि काफी पहले समाप्त हो चुकी थी। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि जिला पुलिस की आपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि कुछ अफ्रीकी नागरिक सागरपुर इलाके में अवैध रूप से रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि कैमरून निवासी टाटा बिली मंजोंग वर्ष 2021 और नाइजीरिया निवासी केस्टर वर्ष 2023 में भारत आया था। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वे अपने देश नहीं लौटे। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली और नोएडा में अपने अफ्रीकी दोस्तों के साथ हाउसकीपिंग का काम कर गुजारा कर रहे थे और डाबड़ी के पास सागरपुर इलाके में रह रहे थे।
पुलिस टीम ने उनके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले। जिससे उनके मुंबई में रह रहे दोस्तों से संपर्क किया गया और पासपोर्ट की प्रतियां प्राप्त हुईं। सत्यापन के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें एफआरआरओ भेज दिया गया है।