असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली में के पुरानी दिल्ली इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया। पुरानी दिल्ली के हौज काजी में दो महिला दोस्त संदिग्ध हालात में मंगलवार रात चौथी मंजिल की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनीता (21) को मृत करार दे दिया। जख्मी तृप्ति उर्फ गुनगुन (19) का इलाज चल रहा है। पुलिस लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज जांच कर रही है।
जांच में आया सामने
शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनीता छत के किनारे बैठी थीं, जो नीचे गिरने लगी तो तृप्ति बचाने आगे बढ़ी और दोनों नीचे गिर गए। पुलिस के मुताबिक, हौज काजी थाने में मंगलवार रात करीब 8:41 बजे छत से कूदने की कॉल मिली। पुलिस हकीम बक्का चौक पहुंच गई, जहां लड़की संकरी गली में मृत पड़ी मिली। मृतका सुनीता के सिर पर गंभीर चोट थी। दूसरी लड़की को भी गंभीर चोट आई थी। वह बयान देने की स्थिति में नहीं थी।
घंटों छत पर बातें करती थीं महिलाएं
पूछताछ में पता चला कि सुनीता की शादी फरवरी में यूपी निवासी कपिल से हुई थी। कुछ समय पहले उसे लकवा हो गया था। वह इलाज के लिए मायके हौज काजी आ गई थीं। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों सहेलियां रोजाना घंटों छत पर बातें करती थीं। आसपास के घरों की छतों पर टहलती थीं। तृप्ति के भाई ने पुलिस को बताया कि वह हादसे से कुछ देर पहले छत पर गया था।